छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का आगाज़ जून से, पहली बार घरेलू क्रिकेट में DRS की एंट्री
रायपुर: छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। CCPL यानी छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का दूसरा सीजन आगामी जून महीने से शुरू होने जा रहा है। पिछले सीजन के मुकाबले इस बार कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन इसकी अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सुविधाओं को भी अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि आयोजन की गुणवत्ता और दर्शकों का अनुभव दोनों बेहतर हो। आपको बता दें कि इस बार CCPL में अंतरराष्ट्रीय मैचों की तर्ज पर DRS (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) सिस्टम लागू किया जाएगा। अब तक यह सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मैचों और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ही देखने को मिलता था। इस सिस्टम के तहत हर टीम को तीन रिव्यू मिलेंगे, जिसका इस्तेमाल वे ग्राउंड अंपायर के फैसले को चुनौती देने के लिए कर सकते हैं। यह पहली बार है जब घरेलू क्रिकेट लीग में इस अत्याधुनिक तकनीकी सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे खेल के फैसले और भी निष्पक्ष और सटीक होंगे।
बीसीसीआई पैनल से होंगे अंपायर, अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर करेंगे कमेंट्री
सीसीपीएल में इस बार अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटरों द्वारा कमेंट्री की जाएगी, जो पहले भी अंतरराष्ट्रीय मैचों में काम कर चुके हैं। लीग के लिए 10 अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटरों की सूची तैयार की गई है, जिसमें से 3 से 4 कमेंटेटर फाइनल किए जाएंगे। साथ ही इस लीग के मैचों में अपनी अंपायरिंग सेवा देने के लिए बीसीसीआई पैनल के अंपायरों को बुलाया जाएगा, जिससे मैचों की गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी राजेश दवे ने बताया कि हम छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग के इस सीजन को और भी बेहतर बनाने जा रहे हैं। इस बार डीआरएस सिस्टम, अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर और बीसीसीआई पैनल के अंपायर आयोजन में शामिल होंगे। दर्शकों के बैठने की भी बेहतर व्यवस्था होगी। हम सीसीपीएल के स्तर को बेहतर बनाएंगे और इसे एक ब्रांड बनाएंगे।
इन 6 टीमों के बीच होगी भिड़ंत
पिछले सीजन की तरह इस बार भी सीसीपीएल में 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों में रायपुर राइनोज, बिलासपुर बुल्स, सरगुजा टाइगर्स, बस्तर बिसन्स, रायगढ़ लायंस और राजनांदगांव पैंथर्स शामिल हैं। पिछले सीजन के फाइनल में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को हराकर सीसीपीएल का खिताब जीता था।
नए खिलाड़ियों का भी होगा चयन
सीसीपीएल के पिछले सीजन में टीम बनाने के लिए पूरे प्रदेश से 450 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। इनमें से 280 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इसके बाद 6 टीमों के लिए 120 खिलाड़ियों का चयन किया गया था, लेकिन इस बार उन खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने पिछले सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था। खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बाहर किया जा सकता है, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिलेगा।
टीवी पर होगा सीधा प्रसारण, स्टेडियम में मिलेगी फ्री एंट्री
गौरतलब है कि इस बार भी सीसीपीएल के सभी मैचों का प्रसारण सोनी टीवी पर होगा। इस बार दर्शकों के लिए स्टेडियम में फ्री एंट्री होगी और उनके बैठने की सुविधा बेहतर की जाएगी। स्टेडियम में आने वाले दर्शकों के लिए पास सिस्टम भी लागू किया जाएगा।

महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम: Indian National Congress का पीएम पर हमला, सर्वदलीय बैठक की मांग
Saurabh Bharadwaj का बयान—“राज्यसभा सांसद बने इसलिए हुई शादी”, Raghav Chadha पर निशाना
अमेरिका-ईरान तनाव का असर: 60% तक बढ़ी तारकोल की कीमत, सड़क निर्माण प्रभावित
Rajnath Singh-चीन रक्षा मंत्री की बिश्केक में मुलाकात, रिश्तों में नरमी के संकेत