भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अब महिला मोर्चा की कमान को लेकर अंतिम मंथन के दौर में है। एक ओर सरकार महिलाओं को साधने के लिए लाड़ली बहना योजना जैसे प्रभावी और लोकप्रिय कार्यक्रमों को और मजबूती देने पर फोकस कर रही है, वहीं संगठन भी ऐसे चेहरे की तलाश में है जो महिला वर्ग के बीच अधिक प्रभावशाली, सक्रिय और व्यापक स्वीकार्यता रखता हो। आने वाले दिनों में नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान होने की संभावना है, जिसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सूत्रों के अनुसार महिला मोर्चा की कमान के लिए कई नाम गंभीर चर्चा में हैं। इनमें पहली पंक्ति में रिति पाठक का नाम शामिल है, जो न सिर्फ विधायक हैं बल्कि महिला नेतृत्व के रूप में उनकी पहचान लगातार मजबूत हुई है। वहीं विधायक प्रियांका पेंची भी संगठन और क्षेत्रीय स्तर पर सक्रियता के कारण मजबूत दावेदारी रखती हैं।

इसी के साथ विंध्य क्षेत्र में अपने मजबूत पकड़ और संगठनात्मक प्रभाव के लिए जानी जाने वाली स्वप्ना वर्मा का नाम भी तेजी से उभर रहा है। पार्टी के आंतरिक मूल्यांकन में उनकी सक्रियता और महिला कार्यकर्ताओं से जुड़ाव को सकारात्मक माना जा रहा है। इसके अलावा वरिष्ठता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए अश्विनी प्रांजपे का नाम भी चर्चा में है, जो लंबे समय से संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाती रही हैं।

लाड़ली बहना जैसी योजनाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पार्टी एक ऐसे नेतृत्व की तलाश में है, जो न सिर्फ योजनाओं के संदेश को महिलाओं तक पहुंचाए बल्कि महिला मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत कर सके। अब सबकी निगाहें इसी पर टिकी हैं कि पार्टी इन चारों में से किस पर विश्वास जताती है और महिला मोर्चा का नया चेहरा किसे बनाती है।